Black Gang ब्लैक गैंग पर बड़ी कार्रवाई: 15 गाड़ियां जब्त, 10 संदिग्ध हिरासत में, फतेहपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर फरार
झुंझुनूं। झुंझुनूं जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र के सोटवारा गांव में ब्लैक गैंग के खिलाफ दबिश दी। संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान गैंग से जुड़ी 15 गाड़ियों को जब्त किया गया, जबकि 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान फतेहपुर थाना क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंग की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया पर सक्रिय ब्लैक गैंग के सदस्य सोटवारा गांव में एकत्रित होकर काफिले के साथ पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीति बनाकर कार्रवाई की। गैंग के वाहनों पर “ब्लैक ग्रुप” लिखा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी वाहनों की जांच शुरू की।
चार थानों की पुलिस ने दी दबिश
इस कार्रवाई में डीएसटी, क्यूआरटी, मुकुंदगढ़, मंडावा और नवलगढ़ थाना पुलिस सहित चार थानों की टीम शामिल रही। पुलिस ने गांव में घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्ध खेतों की ओर भाग निकले, जबकि 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिस्ट्रीशीटर की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान फतेहपुर थाना क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जब्त किए गए वाहनों की भी जांच की जा रही है कि उनका उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया गया।
