Aadhaar Card अब स्कूलों में ही बनेंगे विद्यार्थियों के आधार कार्ड, आधार केंद्र जाने की नहीं होगी जरूरत
झुंझुनूं: सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब आधार कार्ड बनवाने या बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को आधार सेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने प्रदेश के सभी 295 ब्लॉकों में मोबाइल आधार सेवा केंद्र संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं।
इस योजना के तहत रेलटेल एजेंसी को अगले पांच वर्षों के लिए मोबाइल आधार सेवा संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क रहेगी।
सोमवार से शनिवार तक लगेंगे शिविर
मोबाइल आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से स्कूलों में सोमवार से शनिवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन लगभग 50 विद्यार्थियों का आधार नामांकन या बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा।
स्कूल प्रशासन जुटाएगा जरूरी दस्तावेज
आधार नामांकन के लिए स्कूल प्रशासन विद्यार्थियों का एसआर नंबर, घर का पता, जन्म प्रमाण पत्र तथा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार अन्य आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखेगा, जिससे प्रक्रिया आसान और तेज हो सके।
ब्लॉक स्तर पर बनेगा रूट चार्ट
मोबाइल आधार सेवा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक ब्लॉक में ब्लॉक नोडल अधिकारी पंचायतवार रूट चार्ट तैयार करेंगे। आधार एनरोलमेंट किट के संचालन और कार्य की निगरानी के लिए तीन स्तरीय मॉनिटरिंग व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों का समय बचेगा और अभिभावकों को आधार केंद्रों पर लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा। स्कूल परिसर में ही आधार कार्ड बनवाने और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा मिलने से नामांकन प्रक्रिया भी अधिक सरल और सुविधाजनक होगी।
