प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
झुंझुनूं : राजस्थान के सीकर शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र पिछले 6-7 महीनों से किराए के फ्लैट में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीकर के एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था छात्र
उद्योग नगर थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंकित कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह झुंझुनूं जिले के समसपुर गांव का निवासी था और सीकर के नवलगढ़ रोड स्थित बिल्डिंग में किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसके पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिजनों के सीकर पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
कोचिंग नहीं पहुंचने पर हुआ शक
पुलिस जांच में सामने आया कि छात्र 4 अगस्त को कोचिंग नहीं गया था। साथ ही उसने परिजनों के कई फोन कॉल भी रिसीव नहीं किए। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसी बिल्डिंग में रहने वाले लोगों और मकान मालिक को सूचना दी।
खिड़की से देखा तो पंखे से लटका मिला
मकान मालिक और आसपास के लोग छात्र के कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कमरे की एक खिड़की खुली होने के कारण अंदर देखा गया, जहां छात्र पंखे से फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
