ट्रेन की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत; दूसरा घायल
झुंझुनूं | कस्बे में नेता की ढाणी के नजदीक गुरुवार रात करीब 9 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। पटरी पर बैठे दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन सिरसा से कोटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान नेता की ढाणी के पास रेलवे ट्रैक पर दो युवक बैठे हुए थे। पुलिस के अनुसार लोको पायलट प्रेमलाल ने युवकों को पटरी पर बैठे देखकर ट्रेन की गति कम करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन को रोकने से पहले ही दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं, हादसे में लांबा निवासी अरुण घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हादसे के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील: रेलवे ट्रैक पर बैठना या चलना बेहद खतरनाक है। लोगों से रेलवे ट्रैक से दूर रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
