Jhunjhunu Zila Pramukh झुंझुनूं जिला प्रमुख की दौड़ में 3 नाम, ओला परिवार की मुहर किस पर लगेगी?

झुंझुनूं जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस में घमासान, ओला परिवार की मुहर वाली महिला बन सकती है जिला प्रमुख; ये 3 नाम दौड़ में सबसे आगे

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। जिला परिषद चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बाद अब कांग्रेस खेमे में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जिला प्रमुख का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर आई महिला जिला परिषद सदस्यों के नामों पर मंथन शुरू हो गया है।

Jhunjhunu Zila Parishad Result झुंझुनू जिला परिषद सदस्य रिजल्ट

https://jhunjhununewz.com/jhunjhunu_zila_parishad_election_result_2026/

Jhunjhunu Panchayat samiti Election Result झुंझुनू पंचायत समिति सदस्यों के रिजल्ट

https://jhunjhununewz.com/jhunjhunu_panchayat_samiti_election_result_2026

जिला प्रमुख के चयन में सांसद बृजेंद्र ओला की सहमति को सबसे अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दौड़ में शामिल तीन प्रमुख चेहरों में से जिस नाम पर ओला परिवार की मुहर लगेगी, जिला प्रमुख की कुर्सी उसी को मिल सकती है। वहीं पूर्व प्रधान सीगड़ा के नाम पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी भी सहमत हो सकती हैं।

जिला प्रमुख की दौड़ में कांग्रेस के ये 3 चेहरे सबसे आगे

झुंझुनूं जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज करने वाली तीन महिला सदस्यों के नाम जिला प्रमुख पद की दावेदारी में प्रमुखता से सामने आ रहे हैं।

1. सुशीला सीगड़ा (वार्ड नंबर 6)

वार्ड नंबर 6 से चुनाव जीतने वाली सुशीला सीगड़ा जिला प्रमुख पद की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। वह तीन बार प्रधान रह चुकी हैं और ओला परिवार के साथ उनके काफी अच्छे संबंध बताए जाते हैं।

जिला परिषद चुनाव से ठीक पहले सांसद बृजेंद्र ओला और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी ने उन्हें कांग्रेस में शामिल करवाया था। ऐसे में जिला प्रमुख पद के लिए उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है। रीटा चौधरी की सहमति भी उनके पक्ष में बन सकती है।

2. प्रवेश जानू (वार्ड नंबर 40)

झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र के भामरवासी गांव की रहने वाली प्रवेश जानू ने वार्ड नंबर 40 से जीत दर्ज की है। वह सेवानिवृत्त अध्यापिका हैं। उनके ससुर पूर्व में सरपंच रह चुके हैं।

सांसद बृजेंद्र ओला के करीबी और विश्वस्त माने जाने वाले सुनील जानू से उनके पारिवारिक संबंध होने के कारण प्रवेश जानू का नाम भी जिला प्रमुख पद की दौड़ में शामिल माना जा रहा है।

3. डॉ. रंजना धांवा (वार्ड नंबर 20)

वार्ड नंबर 20 से विजयी हुईं डॉ. रंजना धांवा भी जिला प्रमुख पद की दावेदार मानी जा रही हैं। उनके पिता कुंवरराम धांवा की ओला परिवार के नजदीकी लोगों में गिनती होती है।

रंजना के पति सुरेंद्र मूंड यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। वह संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। ऐसे में राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिए उनके नाम पर भी विचार किया जा सकता है।

सांसद बृजेंद्र ओला की सहमति होगी अहम

झुंझुनूं जिला प्रमुख के चयन में कांग्रेस सांसद बृजेंद्र ओला की भूमिका अहम मानी जा रही है। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अब पार्टी के सामने ऐसा चेहरा चुनने की चुनौती है, जिस पर संगठन के प्रमुख नेताओं के साथ सहमति बन सके।

तीनों दावेदारों के अपने-अपने राजनीतिक समीकरण और मजबूत पक्ष हैं। ऐसे में अंतिम फैसला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सहमति और राजनीतिक समीकरणों के आधार पर होने की संभावना है।

किसके सिर सजेगा जिला प्रमुख का ताज?

झुंझुनूं जिला प्रमुख पद के लिए सुशीला सीगड़ा, प्रवेश जानू और डॉ. रंजना धांवा के नामों की चर्चा है। हालांकि अभी किसी एक नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। आने वाले दिनों में कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति और वरिष्ठ नेताओं की सहमति से तस्वीर साफ हो सकती है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि झुंझुनूं जिला प्रमुख की कुर्सी किस महिला सदस्य को मिलेगी और सांसद बृजेंद्र ओला किस नाम पर अपनी सहमति देते हैं।