Jhunjhunu News: पिता का सपना पूरा करने के लिए बेटे ने हेलिकॉप्टर से कराई दुल्हन की एंट्री, ढंढारिया गांव में उमड़ी भीड़
मंड्रेला (झुंझुनूं)। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंड्रेला क्षेत्र के ढंढारिया गांव में बुधवार को एक अनोखी शादी की एंट्री चर्चा का विषय बन गई। मर्चेंट नेवी में कार्यरत दूल्हा अभिनव पूनिया अपनी दुल्हन निकिता कुलहरी को हेलिकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचा। आसमान से हेलिकॉप्टर उतरता देख गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए उत्साहित नजर आया।
पिता का सपना पूरा करने के लिए हेलिकॉप्टर से लाया दुल्हन
अभिनव पूनिया की शादी 10 नवंबर को चूरू जिले के बिंजूसर निवासी निकिता के साथ हुई थी। शादी के बाद बुधवार को अभिनव अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर से लेकर अपने पैतृक गांव ढंढारिया पहुंचा।
इस खास एंट्री के पीछे परिवार की एक इच्छा भी जुड़ी थी। अभिनव के पिता राजेश पूनिया का सपना था कि उनका बेटा अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर से गांव लेकर आए। बेटे ने पिता के इस सपने को पूरा करते हुए शादी के इस पल को यादगार बना दिया।
मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं अभिनव पूनिया
अभिनव पूनिया ने बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद मर्चेंट नेवी जॉइन की। वर्तमान में वह समुद्री क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी निकिता कुल्हड़िया ने बीएससी नर्सिंग तक पढ़ाई की है। निकिता के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं।
सेना से रिटायर हैं पिता, अब मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस में दे रहे सेवाएं
अभिनव के पिता राजेश पूनिया वर्ष 2008 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में वह मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) की टेक्निकल विंग में कार्यरत हैं और दिल्ली में पदस्थापित हैं।
पिता की इच्छा को बेटे ने पूरा किया तो परिवार के लिए यह शादी और भी खास बन गई। हेलिकॉप्टर से दुल्हन की गांव में एंट्री देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ढंढारिया गांव में यह अनोखी शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
