झुंझुनूं कलेक्ट्रेट से प्रेमी युगल को जबरन कार में ले जाने की चर्चा, पुलिस बोली- युवती को गुमशुदगी के मामले में किया दस्तयाब
Jhunjhunu News: राजस्थान के झुंझुनूं जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब एक युवक और युवती को कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से जबरन कार में बैठाकर ले जाने की घटना सामने आई। दिनदहाड़े कलेक्ट्रेट परिसर से युवक-युवती को कार में ले जाने की सूचना से वहां मौजूद लोगों में चर्चा और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने मामले में युवती को गुमशुदगी के प्रकरण में दस्तयाब करने की बात कही है।
एसपी से सुरक्षा मांगने पहुंचे थे युवक-युवती
जानकारी के अनुसार दोरासर निवासी सोनू मेघवाल और गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की एक युवती मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस सुरक्षा की मांग को लेकर झुंझुनूं एसपी से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान कार में सवार होकर आए कुछ लोग उन्हें कथित तौर पर जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए।
घटना कलेक्ट्रेट परिसर में दिनदहाड़े होने की चर्चा के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने भी घटना की सूचना पुलिस को दी।
निजी कार में गुढ़ागौड़जी पुलिस होने की जानकारी
घटना के बाद सामने आया कि युवक-युवती को जिस निजी कार में ले जाया गया, उसमें गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस भी मौजूद थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी गुढ़ागौड़जी थाने पहुंचे।
मामले को लेकर गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी इंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज है और पुलिस ने उसे दस्तयाब कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुमशुदगी के मामले में की गई है।
4 नवंबर को युवती के परिजनों ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी
जानकारी के मुताबिक गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 4 नवंबर को अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी बेटी रात के समय बिना किसी को बताए घर से चली गई थी।
परिजनों ने रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया था कि युवती अपने साथ करीब 50 हजार रुपये नकद, बैंक और पोस्ट ऑफिस में जमा राशि की पासबुक, पाजेब तथा सोने के जेवरात लेकर गई है।
इस मामले की जांच हेड कांस्टेबल जयपाल कर रहे हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर की घटना को लेकर उठे सवाल
जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर में युवक-युवती को कार में ले जाने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तरफ युवक-युवती के एसपी से सुरक्षा मांगने पहुंचने की जानकारी सामने आई है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि युवती की गुमशुदगी दर्ज थी और उसे दस्तयाब किया गया है।
फिलहाल पूरे मामले में युवक-युवती की सुरक्षा, घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
झुंझुनूं की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें Jhunjhunu News के साथ।
