अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल झुंझुनू ने किए कार्यक्रम और निकाला जागरूकता मार्च

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल झुंझुनू ने किए कार्यक्रम और निकाला जागरूकता मार्च

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रही इस मुहिम की गूंज झुंझुनू में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन राजस्थान महिला कल्याण मंडल झुंझुनूं ने जिले में 8 जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए।

बाल विवाह से बचाई गई लड़‌कियों, बाल विवाह रुकवाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर बदलाव की वाहक बनी महिला नेतृत्वकर्ताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई और इस अपराध को समाप्त करने का संकल्प लिया। इसमें धर्म गुरुओं ने भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में अपना बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख लोगों कार्यक्रम में जिला कलेक्टर  अरुण गर्ग, विधायक  राजेंद्र भाम्बू, मंडावा SDM विश्वामित्र मीणा, तहसीलदार सुरेंद्र मीणा, BDO  अमित चौधरी, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग से महिपाल मीणा, पंचायती राज विभाग से मनोज जी, किशोराश्रम विभाग से कविता मीणा एवं विजय कला, शिक्षा विभाग से  संत्रा मगवा एवं राजेश कुमार, राजीविका विभाग से जितेंद्र एवं संजीदा, समाज कल्याण विभाग से नेहा झाझड़िया, पुलिस विभाग से ASI राजेश एवं कांस्टेबल नीलम , ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लोकेश मीणा, कृषि अधिकारी राजेंद्र सिंह तथा मंडावा ब्लॉक की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता  ने हिस्सा लिया।

राजस्थान महिला कल्याण मंडल झुंझुनूं बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।

इस दौरान निकाले गए कैंडल मार्च में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने न केवल बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी समाज को इस अपराध के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान की खास बात यह रही कि इसमें केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि विवाह समारोहों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी हितधारक भी शामिल हुए।

पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, रसोइयों, सजावट का काम करने वालों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट वालों और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस मालिकों ने न केवल कार्यक्रम में हिस्सा लिया बल्कि शपथ भी ली कि वे किसी भी बाल विवाह में भागीदार नहीं बनेंगे। साथ ही, कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।

भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए चेतना शर्मा ने कहा, “हम पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह के खात्मे के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य को चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि जिले में शुरू हुई हमारी यह मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हमें विश्वास है कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से हम अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बना सकेंगे।”

भारत से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ मुहिम के वैश्विक आंदोलन में बदलने की यात्रा पर जेआरसी के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा, “चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के अथक प्रयासों की एक बड़ी वैश्विक उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पारित होने के समय भुवन ऋभु भी प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त राष्ट्र में मौजूद थे। यह भारत के लिए भी गर्व और उपलब्धि का क्षण था, क्योंकि हमारे देश में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को आज वैश्विक मंच पर मान्यता मिली और यह संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर का हिस्सा बन गई। यह इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्थानीय स्तर से हो सकती है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से वह पूरी दुनिया का आंदोलन बन सकता है।”

जेआरसी के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह के उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में नेटवर्क ने देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं। राजस्थान महिला कल्याण मंडल झुंझुनूं ने भी स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय और सहयोग से अकेले वर्ष 2024-25 में जिले में 2 बाल विवाह रुकवाए हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह की दर का आंकड़ा साल 2019-21 में 23.3 फीसदी था, जो 2023-24 में घटकर 20.1 फीसदी हो गया। अगर झुंझुनू की बात की जाए तो ये आंकड़ा 2023-24 में 10.2% था। जो आज घट कर 5.7 फीसदी रह गई है।

संस्था कि जिला समन्वयक चेतना शर्मा का बाल विवाह कि रोकथाम को लेकर कहना है कि “विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश की हर बेटी को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने भविष्य के फैसले खुद लेने का अवसर मिलेगा। बाल विवाह इस अधिकार को छीन लेता है और बच्चियों के सपनों को समय से पहले खत्म कर देता है। इसलिए बाल विवाह के खिलाफ हमारी लड़ाई दरअसल बेटियों के बेहतर भविष्य और एक सशक्त समाज के निर्माण की लड़ाई है। हमें गर्व है कि जिले में शुरू हुआ हमारा यह प्रयास आज वैश्विक आंदोलन का हिस्सा बन चुका है।”