बाल मुकुंद जोशी

जिले के दांतारामगढ इलाके में किसानों से अनाज बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी करके रातोंरात फरार हुए दो ठग व्यापारी आखिर पुलिस की गिरफ्त में आ गए। दोनों भाई नेपाल जाने की फिराक में थे और जयपुर से बिहार होकर जाने की योजना बना रहे थे। इस दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों को जयपुर की एक होटल से दबोच लिया। आरोपी शिम्भुदयाल अग्रवाल व उसके भाई विमल अग्रवाल के खिलाफ दांतारामगढ़ व आसपास के सैकड़ों किसानों व व्यापारियों ने अनाज बेचने के नाम पर करोड़ों रुपए लेकर फरार होने के मुकदमे दर्ज करवाए थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मामले के अनुसार गोठड़ा तगेलान निवासी झाबरमल पुत्र गणपतराम जाट ने करीब पांच सौ लोगों ने 28 अगस्त को थाना सदर सीकर में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया गया था कि दांंता के रामगोपाल झाटावाले के पुत्र विमल अग्रवाल (41) एवं शंभूदयाल अग्रवाल (44) वर्ष काफी सालों से अनाज का व्यापार कर रहे हैं। वे लोगों से अनाज खरीदते हैं एवं अनाज को अमानत (अनाज को बिना भाव अपने पास रखना ) पर रखते हैं। तीनों ने काफी लोगों से अनाज खरीद कर अमानत पर रखकर एवं नगद रुपए उधार ले लिए तथा सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी कर 27-28 अगस्त की रात्रि को घर व गोदाम के ताला लगाकर परिवार सहित फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर ली थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जयपुर एक होटल पर दबिश देकर विमल अग्रवाल एवं शंभूदयाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
बिहार के रास्ते नेपाल जाने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दोनों भाई परिवार के साथ नेपाल भाग गए थे। वे फरारी के दौरान स्थान बदल बदल कर रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के नेपाल रहने वाले रिश्तेदारों एवं जानकारों के बारे में पता लगाया। इस दौरान सामने आया कि आरोपी नेपाल से आकर बिहार-नेपाल बॉर्डर पर अपने रिश्तेदारों के संपर्क में है । आरोपियों की तलाश के लिए टीम रवाना की गई। पुलिस टीम को पता लगा कि आरोपी एक दिन के लिए जयपुर आया है और एक होटल में रुककर वापस नेपाल जाने की तैयारी कर रहे हैं। इस पुलिस ने दबिश देकर उनको दबोच लिया।
