देश के प्रख्यात न्यूरोलाजिस्ट और पद्मश्री से सम्मानित डॉ अशोक पनगढ़िया का निधन हो गया है. वह फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे थे. कोरोना संक्रमित होने के बाद उनके लंग्स मे गंभीर इन्फेक्शन हो गया था. शुक्रवार को 3.46 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. जयपुर के EHCC अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे, लेकिन शुक्रवार को वेंटिलेटर सहित उन्हें घर पर शिफ्ट किया गया था. यहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई.
बता दें कि पनगढ़िया को 24 अप्रैल को कोरोना के लक्षण महसूस हुए थे. जांच के बाद वह 25 अप्रैल को जयपुर के RUHS अस्पताल में भर्ती हुए थे. लेकिन यहां जब उन्हें राहत नहीं मिली तो उन्हें जयपुर के EHCC अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
2014 में मिला था पद्मश्री
डॉ पनगढ़िया देश के साथ-साथ विदेशों में भी मशहूर थे. 1992 में राजस्थान सरकार ने उन्हें मेरिट अवार्ड दिया. SMS न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के वह विभागाध्यक्ष भी रहे. मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से उन्हें डॉ. बीसी रॉय अवर्ड दिया गया था. 2014 में उन्हें पद्मश्री मिला था.