कपड़ों की दुकान के चेंजिंग रूम में महिला का वीडियो बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
चिड़ावा। शहर के मुख्य बाजार स्थित राजकला कॉम्प्लेक्स के पास जम जम कलेक्शन रेडीमेड कपड़ों की दुकान के चेंजिंग रूम में महिला ग्राहक का वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। साथ ही दुकान को सील कर उसकी चाबी अपने कब्जे में ले ली है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार बुहाना क्षेत्र की एक महिला शनिवार शाम अपने पति और बच्चों के साथ कपड़े खरीदने के लिए चिड़ावा आई थी। परिवार ने मुख्य बाजार स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान से कुछ कपड़े पसंद किए। कपड़ों को ट्राई करने के लिए महिला दुकान में बने चेंजिंग रूम में गई।
आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार का पोता शाहरुख मणियार चेंजिंग रूम की छत में बने एक सुराख से महिला का वीडियो बना रहा था। महिला को किसी गतिविधि का संदेह हुआ तो उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी। पति ने मौके पर जाकर जांच की तो आरोपी युवक मोबाइल फोन में वीडियो देखते हुए मिला। इसके बाद परिजनों ने उसका मोबाइल अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मोबाइल में महिलाओं के कपड़े बदलते समय बनाए गए कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। मौके पर पहुंचे डीएसपी विकास धींधवाल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। इसके तहत पिलानी, सुलताना, सूरजगढ़ और मंडेला थाना क्षेत्रों से पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर दुकान के बाहर पुलिस बल लगाया गया है।
दुकानदार ने मामले को दबाने का प्रयास किया
जमजम कलेक्शन के मालिक मदन मणियार ने करीब आधा घंटे तक मामले को दबाने को प्रयास किया। इसके लिए उन्होंने दंपती को पैसों को लालच भी दिया। वहां मौजूद दुकान में काम करने वाले लोगों ने उन्हें डराया भी और बदनामी होने की बात कही। लेकिन जब दंपती की सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई तो मामला उजागर हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए और दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। हालांकि पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
लोगों में आक्रोश
घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में लोगों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
