नवविवाहिता ने की आत्महत्या, शादी के तीन महीने बाद घर में फंदे पर लटकी मिली

नवविवाहिता ने की आत्महत्या, तीन महीने पहले हुई थी शादी, घर में फंदे पर लटकी मिली

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

चूरू। शहर के वार्ड नंबर 28 में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक नवविवाहिता ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड 28 निवासी तेजपाल शर्मा ने बताया कि उसकी शादी लगभग तीन माह पूर्व जीटी रोड, लीलुहा (कोलकाता) निवासी सोनामुनी शाह (37) के साथ हुई थी। शनिवार सुबह वह मजदूरी के लिए घर से निकला था और पत्नी सोनामुनी घर पर अकेली थी।

दोपहर में जब तेजपाल खाना खाने के लिए घर लौटा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसी से सीढ़ी लेकर घर में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। पत्नी सोनामुनी शाह चुन्नी के फंदे से लटकी हुई मिली।

घटना के बाद तेजपाल ने तुरंत पत्नी को नीचे उतारा और उसे डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। विवाहिता के पीहर पक्ष के चूरू पहुंचने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।