रोडवेज बस की चपेट में आने से BSF जवान की मौत, तिरंगा यात्रा से दी जा रही अंतिम विदाई
गुढ़ागौड़जी: क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दुखी कर दिया। भोड़की निवासी और BSF में सेवाधारी जवान मनोज भार्गव की रोडवेज बस के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पोसाना टोल प्लाजा के पास उस समय हुआ, जब मनोज रोडवेज बस में चढ़ रहे थे और अचानक वे संतुलन बिगड़ने से बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गए।
10 दिन पहले ही बड़े बेटे की शादी में आया था अवकाश पर
जवान मनोज भार्गव हाल ही में अपने बड़े बेटे की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन छुट्टी के दौरान ही हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डूबो दिया। आज बेटे का बान बैठना था।
गुढ़ा CHC में हुआ पोस्टमार्टम
हादसे के बाद मनोज को तत्काल गुढ़ा गौड़जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। CHC में मेडिकल टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया।
BSF की टुकड़ी देगी गार्ड ऑफ ऑनर
देश की सेवा में समर्पित जवान मनोज भार्गव को BSF की टुकड़ी पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देगी। गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी पूरी कर ली गई है।
जवान के सम्मान में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा
मनोज के बलिदान और सम्मान के प्रतीक के रूप में गुढ़ा गौड़जी में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। वातावरण में देशभक्ति और शोक का भाव साफ महसूस किया जा रहा है।
