झुंझुनूं में जल्द चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान, नगर परिषद ने चिन्हित किए प्रमुख स्थान
झुंझुनूं : नगर परिषद जल्द ही शहर के प्रमुख स्थलों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने जा रही है। परिषद आयुक्त देवीलाल बौचल्या ने बताया कि यदि अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो कार्रवाई कर सामान जब्त किया जाएगा और मुकदमे दर्ज होंगे।
परिषद आयुक्त देवीलाल बौचल्या ने बताया कि शहर के कई प्रमुख स्थानों पर ठेला-रेहड़ीवालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा सड़क पर सामान, खोखे और रेहड़ियाँ लगाकर अतिक्रमण किया गया है, जिससे आमजन को परेशानी होती है और यातायात में बाधा उत्पन्न होती है। इस कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
इस अभियान के तहत आज दिनांक 02 दिसंबर 2025 को राजस्व अधिकारी अंगीश कुमावत के नेतृत्व में अली हसन और अन्य सफाई निरीक्षकों ने अतिक्रमण वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और चिन्हित स्थलों को नोट किया गया। मौके पर ही अतिक्रमणकारियों को अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी गई।
परिषद आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि अतिक्रमणकारियों द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर परिषद द्वारा विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया जाएगा, सामान जब्त किया जाएगा, और सार्वजनिक मार्ग में बाधा डालने एवं जनअशांति फैलाने के मामलों में सक्षम न्यायालयों में मुकदमे दर्ज करवाए जाएंगे।नगर परिषद के इस निर्णय का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
इन स्थानों पर चलेगा विशेष अभियान
• हवाई पट्टी सर्किल
• रेलवे स्टेशन पीरूसिंह सर्किल
• रोड नं.-01, रोड नं.-02, रोड नं.-03
• कबाड़ी मार्केट
• बाकरा रोड
• गुढ़ा रोड नया बस स्टैण्ड
• पिपली चौक
• मण्डावा मोड़
• नेहरू मार्केट
• पुरानी सब्जी मण्डी
• रोडवेज़ बस डिपो
