फास्ट पेज APK से 8.86 करोड़ की साइबर ठगी, मुकुंदगढ़ से 3 आरोपी गिरफ्तार

Cyber Fraud साइबर अपराध के खिलाफ जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

मुकुंदगढ़ में फर्जी ऐप APK फाइल से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

तीन साइबर फ्रॉड गिरफ्तार, 8 मोबाइल व स्कॉर्पियो एन कार जब्त

झुंझुनूं : साइबर अपराध के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाते हुए जिला पुलिस ने कस्बा मुकुंदगढ़ में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। फास्ट पेज नाम की एपीके फाइल के जरिए आमजन से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन शातिर साइबर फ्रॉड को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड और एक स्कॉर्पियो एन कार जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अब तक दर्ज साइबर ठगी के मामलों में कुल 8 करोड़ 86 लाख 85 हजार 885 रुपये की धोखाधड़ी सामने आ चुकी है।

फर्जी ऐप से करते थे ठगी


थानाधिकारी पुलिस थाना मुकुंदगढ़ ताराचंद (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला स्तरीय संचालित म्यूल अकाउंट ऑपरेशन के तहत यह कार्रवाई कर चिह्नित खाता धारक अनूप अग्रवाल के बैंक रिकॉर्ड का अवलोकन किया गया, जिसमें साइबर ठगी से जुड़ी कई शिकायतें पाई गईं।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अनूप अग्रवाल दो अन्य साथियों के साथ वाहन में बैठकर साइबर फ्रॉड कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर एक वाहन को रोका, जिसमें तीन युवक सवार मिले।

गिरफ्तार आरोपी


पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इस प्रकार बताए—

• अनूप कुमार पुत्र विजय कुमार महाजन (45), निवासी वार्ड नं. 9, डूंडलोद, थाना मुकुंदगढ़

• सुनील कुमार पुत्र नेमिचंद जाट (24), निवासी डूमरा, थाना मुकुंदगढ़

• संदीप कुमार पुत्र रमेश कुमार जाट (20), निवासी कसवाली, थाना बलारा, जिला सीकर

सोशल मीडिया से फंसाते थे लोग


जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर फर्जी अकाउंट व पेज बनाकर लोगों को झांसे में लेते थे और उन्हें फास्ट पेज नाम की एपीके फाइल इंस्टॉल करवा कर बैंक खातों से रकम उड़ा लेते थे। दर्ज मामलों में से आरोपियों के खातों में 1 लाख 90 हजार 299 रुपये की फ्रॉड राशि प्राप्त होना भी पाया गया है।

संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज


पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर साइबर अपराध एवं संगठित अपराध की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और साइबर अपराध के तहत जिला पुलिस की आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।