युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जयपुर रेफर, आरोपी को परिजनों ने पुलिस को सौंपा

युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जयपुर रेफर, आरोपी को परिजनों ने पुलिस को सौंपा

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपली चौक इलाके में आपसी कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में 20 वर्षीय फैसल उर्फ आबिद गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार घायल युवक फैसल उर्फ आबिद अपने दोस्तों के साथ वॉलीबॉल खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले 21 वर्षीय जासिम कुरैशी ने पीछे से दौड़कर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने फैसल के सीने पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल युवक को संभाला और तुरंत राजकीय बीडीके अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जयपुर में जारी है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक के बड़े भाई की ओर से कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल फैसल और आरोपी जासिम एक ही मोहल्ले के निवासी हैं और दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से कहासुनी चल रही थी।

घटना के बाद आरोपी के परिजनों ने उसे छिपाने के बजाय स्वयं पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।