Accident News | Sikar News रामगढ़ बाईपास पर बड़ा सड़क हादसा, एक की मौत, दो गंभीर घायल
रामगढ़ शेखावाटी। रामगढ़ शेखावाटी बाईपास पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाईपास स्थित मदरसा दारूल उलूम के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट से भरे एक ट्रोले को चालक ने रात के समय सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। सोमवार सुबह करीब 4:45 बजे पीछे से आ रहा दूसरा ट्रोला खड़े ट्रोले से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरे ट्रोले का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। केबिन में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद कुछ समय के लिए बाईपास पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
