Jhunjhunu News झुंझुनूं शहर में देर रात परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट, गन पॉइंट पर वारदात से मचा हड़कंप
झुंझुनूं। शहर के पिपली चौक क्षेत्र में सोमवार देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बिलाल नगर वार्ड नंबर 59, मलसीसर रोड स्थित मकान में करीब रात 2 बजे बदमाशों के घुसने की सूचना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, 6-7 बदमाशों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को गन पॉइंट पर बंधक बना लिया और इसके बाद घर में रखे आभूषण एवं कीमती सामान लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी में करीब 60 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी व लाखों रुपये के लूट की बात सामने आ रही है, चोर जाते समय घर में लगे सीसीटीवी का DVR भी साथ ले गए हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना क्षेत्र के सीआई श्रवण कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बदमाशों की संख्या, लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत और वारदात के तरीके को लेकर जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
