पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा गिरफ्तार: परसरामपुरा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बढ़ा तनाव

पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा गिरफ्तार: परसरामपुरा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बढ़ा तनाव

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

परसरामपुरा गांव में खेल स्टेडियम की चारदीवारी हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हाईकोर्ट के आदेश की पालना में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की, वहीं ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे रहे।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ खेल स्टेडियम पहुंची और चारदीवारी हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह खेल मैदान गांव के युवाओं की पहचान और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जिसे बचाया जाना चाहिए।

कार्रवाई के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा सहित करीब 30 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद गांव में माहौल और अधिक गर्मा गया तथा ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन उनकी भावनाओं की अनदेखी कर रहा है।

स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करती रही। मामले को लेकर पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है।