187 RAS Transfer List राजस्थान में तबादलों की बड़ी सूची जारी, झुंझुनूं में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 187 अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई जिलों और विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
प्रशासनिक फेरबदलः जिला परिषद सीईओ समेत कई एसडीएम बदले
झुंझुनूं। राज्य सरकार द्वारा बुधवार को जारी प्रशासनिक तबादला सूची में झुंझुनूं जिले के कई अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल के तहत जिला परिषद सीईओ सहित कई एसडीएम और सहायक कलेक्टरों के तबादले किए गए हैं।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाशचंद्र यादव का तबादला अतिरिक्त आयुक्त कॉलेज, जयपुर के पद पर किया गया है। उनकी जगह टोंक जिला परिषद के सीईओ परशुराम धानका को झुंझुनूं जिला परिषद का नया सीईओ नियुक्त किया गया है।
मंडावा एसडीएम मुनेश कुमारी को सहायक कलेक्टर श्रीमाधोपुर लगाया गया है। वहीं जयपुर प्रथम के उपखंड अधिकारी राजेश जाखड़ को सहायक कलेक्टर उदयपुरवाटी नियुक्त किया गया है।
नसीराबाद एसडीएम देवीलाल यादव को सहायक कलेक्टर नवलगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सहायक कलेक्टर सुशील कुमार सैनी का तबादला सीकर कर दिया गया है।
सूरजगढ़ एसडीएम दीपक चंदन को घड़साना एसडीएम पद पर भेजा गया है, जबकि बुहाना एसडीएम पूनम मीणा को सहायक कलेक्टर आमेर लगाया गया है। तहसीलदार सेवा से पदोन्नत स्वाति को सूरजगढ़ का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
