लॉरेंस गैंग के नाम पर चिड़ावा के कोचिंग संचालक से 5 करोड़ की रंगदारी, गोली मारने की धमकी

Lawrence Bishnoi gang डिफेंस एकेडमी संचालक को 5 करोड़ की रंगदारी की धमकी, लॉरेंस गैंग से जुड़ाव का दावा

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

चिड़ावा में डिफेंस एकेडमी संचालक को रंगदारी के लिए जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

चिड़ावा। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में पिलानी रोड स्थित न्यू क्रिश डिफेंस एकेडमी के संचालक को करोड़ों रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पीड़ित ने चिड़ावा थाने में मामला दर्ज करवाया है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पिलानी रोड पर संचालित डिफेंस एकेडमी के संचालक विकास कुलहरी (निवासी स्वामीसेही) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 19 जून से 24 जून के बीच लगातार छह दिनों तक उनके मोबाइल पर धमकी भरे कॉल और वॉयस मैसेज आए। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सुंदर हांसी बताया और स्वयं को लॉरेंस गैंग से जुड़ा होने का दावा किया।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने पहले एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये की रंगदारी देने की मांग की और बाद में पांच करोड़ रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी गई या किसी प्रकार की चालाकी की गई तो सिर में गोली मार दी जाएगी।

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर विकास कुलहरी ने 25 जून को चिड़ावा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच एसआई कैलाशचंद्र कर रहे हैं। पुलिस धमकी देने वाले मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और वॉयस मैसेज की तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या केवल डराने के उद्देश्य से गैंग का नाम लेकर रंगदारी मांग रहा था।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पत्नी की नौकरी और परिवार की जानकारी बताकर डराया

रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने खुद का नाम सुंदर हांसी बताया और परिवादी की पत्नी के डाकघर में कार्यरत होने की जानकारी भी बताई। आरोपी ने कहा कि उसका आदमी लगातार निगरानी कर रहा है और मौका मिलते ही गोली मार देगा। धमकियों के बाद कोचिंग संचालक और उसका परिवार दहशत में है पीड़ित ने पुलिस से स्वयं और परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोप के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांचा एसआई कैलाश चंद्र कर रहे हैं।