चलती Thar में लगी आग, बीच सड़क पर धू-धू कर जली गाड़ी
उदयपुरवाटी क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चलते-चलते एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। गनीमत यह रही कि गाड़ी सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।
उदयपुरवाटी-चंवरा किशोरपुरा रोड पर हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर उदयपुरवाटी-चंवरा किशोरपुरा रोड पर भेरूजी मंदिर के पास एक थार गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी से धुआं और लपटें उठने लगीं। गाड़ी चालक और अन्य यात्रियों ने तुरंत दरवाजे खोलकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना देखते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। थोड़ी देर में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
वाहन को काफी नुकसान
हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन थार गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली कि गाड़ी सवार सुरक्षित बच गए। घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा और सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि गाड़ी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था या कोई अन्य तकनीकी खराबी।
