बंद मकान में फंदे से लटका मिला फायरकर्मी के बेटे का शव, मां ने जताई हत्या की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग
झुंझुनूं। जिले के इंद्रपुरा गांव के निकट ओलखा की ढाणी में एक बंद मकान से 25 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक कई दिनों से लापता बताया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं मृतक की मां ने बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बदबू आने पर हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात ओलखा की ढाणी में स्थित एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। रात करीब 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला खुलवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एक कमरे में युवक का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक तौर पर शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मकान को सीज कर दिया और रविवार सुबह ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक आदतन शराबी था। गत दो माह पहले ही अपनी मां से झगड़ा किया था, जिसके बाद मां झुंझुनूं अपने पीहर में रहने लगी थी।
मृतक की पहचान योगेश कुमार के रूप में
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओलखा की ढाणी निवासी योगेश कुमार उर्फ टोनी (25) पुत्र इंद्राज सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से लापता था।
मां ने लगाए हत्या के आरोप
मृतक की मां ग्यारसी देवी, जो झुंझुनूं में फायर ऑफिस में कार्यरत हैं, ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि योगेश 16 जून को उनसे मिलकर गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक उनका विस्तृत बयान दर्ज नहीं किया और न ही किसी रिपोर्ट पर उनके हस्ताक्षर करवाए। ग्यारसी देवी ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले सबूतों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
