गाड़ी में तोड़फोड़ और मारपीट कर रुपए छीनने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने भोड़की गांव में गाड़ी में तोड़फोड़ व मारपीट कर रुपए छीनने के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को पोसाना निवासी अर्मेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दी थी कि 28 जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे वह कार लेकर पोसाना से नवलगढ़ की तरफ जा रहा था। जमवाय माता गेट भोड़की को पार करते ही पीछे से आई स्कॉर्पियो गाड़ी आगे लगाकर मुझे रोक लिया।
गाड़ी में रघुनाथपुरा निवासी राजू मण्डीवाल, भोड़की निवासी रोहित उर्फ जॉनी भाकर, जितरवाल की ढाणी गुढ़ा बावनी निवासी सूरज जीतरवाल तथा दो तीन अन्य सवार थे। इन्होंने लाठी व सरियों से मेरी कार पर हमला कर दिया। मारपीट कर गले से सोने की चेन व सोने की अंगूठी व जेब से एक हजार रुपए निकाल लिए। राजू मण्डीवाल ने धमकी दी कि अगर धर्मकांटा चलाना है तो उसे हर महीने 10 हजार रुपए देने होंगे। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रघुनाथपुरा निवासी राजु मण्डीवाल, जीतरवालो की ढाणी सूरज जीतरवाल, डूडी नगर भोड़की निवासी रोहित उर्फ जॉनी भाकर, गढ़वालों की ढाणी भोड़की निवासी अरिवन्द को उदयपुरवाटी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में एजीटीएफ टीम के विक्रम, सुरेंद्र, अमित, जगदीप आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आरोपियों का निकाला जुलूस
पुलिस ने गाड़ी में तोड़फोड़ तथा मारपीट के तीन आरोपी राजू मंडीवाल, रोहित भाकर, सूरज तथा शांतिभंग के आरोपी गढ़ला निवासी अनिल का कस्बे के बाजार में जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान आरोपियों ने कान पकड़कर दोबारा अपराध नहीं करने की बात कही। इस दौरान डीएसपी राजवीरसिंह, थानाधिकारी राममनोहर, डीएसटी टीम के अमित, सुरेंद्र, विक्रम, जगदीप आदि मौजूद थे।
