Smart Meter स्मार्ट मीटर के विरोध में आज झुंझुनूं जिला बंद का आह्वान, गांवों में बसें नहीं चलेंगी, स्कूल भी बंद रहेंगे
झुंझुनूं : स्मार्ट मीटर के विरोध में बुधवार को झुंझुनूं जिला बंद रहेगा। बंद को विभिन्न संगठनों ने समर्थन दिया है। स्मार्ट मीटर हटाओ संघर्ष समिति के पंकज धनखड़ ने बताया कि बुधवार को जिला मुख्यालय सहित जिले के 36 शहर व कस्बे बंद रहेंगे। जिला मोटर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष भोपाल सिंह ने बताया कि जिले में ग्रामीण रूट पर चलने वाली बसें बंद रहेंगी। ऑटो चालक टैक्सी यूनियन के कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि शहर में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक टैक्सियां भी नहीं चलेंगी।
2 दिन पहले रैली के जरिए 20 अगस्त को स्मार्ट मीटर के विरोध में जिले के सभी शहर व कस्बों को बंद रखने में शांतिपूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया गया। इस दौरान व्यापारियों व आमजन से बंद में सहयोग की अपील की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना को लेकर आमजन में गहरा आक्रोश है। लगातार विरोध और आपत्तियों के बावजूद सरकार इस योजना को बंद नहीं कर रही, जिससे जनता में नाराज़गी और बढ़ रही है।
निजी शिक्षण संस्थान व ऑटो टैक्सी रहेंगे बंद
बंद का निजी शिक्षण संस्थाओं ने समर्थन किया है। निजी शिक्षण संस्था संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत ने बताया कि बुधवार को निजी शिक्षण संस्थाएं बंद रहेंगी। प्राइवेट बस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष भोपाल सिंह ने बताया कि बुधवार को जिले में ग्रामीण रूट की 525 बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। यह सभी बसें ग्रामीण रूटों पर संचालित होती हैं। इसी तरह ऑटो टैक्सी तांगा यूनियन के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे तक ऑटो नहीं चलेंगे।
नेहरू मार्केट, नई अनाज मंडी व सब्जी मंडी बंद रहेगी:
नेहरू मार्केट, नई अनाज मंडी, सब्जी मंडी, गल्ला व्यापार ने बंद का समर्थन किया है। नेहरू मार्केट व्यापार संघ के मंत्री प्रदीप पाटोदिया ने बताया कि बंद के समर्थन में प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे। नई अनाज मंडी के अध्यक्ष हरीशचंद्र के अनुसार गल्ला व्यापारियों के प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। न्यू सब्जी मंडी के व्यापारियों ने बंद का समर्थन किया है। गांव कस्बों के व्यापारियों ने भी बंद को समर्थन देने की घोषणा की है।
स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत 20 अगस्त को झुंझुनूं बंद का आह्वान किया गया है। झुंझुनूं बंद के समर्थन टैक्सी यूनियन, प्राइवेट बस एसोसिएशन, नई अनाज मंडी समिति, नेहरू मार्केट व्यापार संघ, सब्जी मंडी समिति, इलेक्ट्रोनिक व्यापार मंडल, झुंझुनू टैक्सी सेवा समिति, कपड़ा मार्केट, भीम आर्मी झुंझुनूं व मरु सेना का समर्थन स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में चल रहे आंदोलन को समर्थन दिया और 20 को झुंझुनूं बंद का आह्वान किया।
