Painthar गुढ़ागौड़जी में खेत में दिखे लेपर्ड के शावक, ग्रामीणों में दहशत
गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं)। गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की गुढ़ाबावनी पंचायत के बड़ की ढाणी की रोही में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में गेहूं की फसल के बीच लेपर्ड (पैंथर) के तीन शावक दिखाई दिए।
ग्रामीण प्रदीप चौधरी ने बताया कि वे शाम के समय दूध लेने के लिए खेत के रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गेहूं की फसल के बीच हलचल पर पड़ी। पास जाकर देखा तो वहां तीन पैंथर शावक मौजूद थे। अचानक शावकों को देखकर वे कुछ क्षण के लिए घबरा गए, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने मोबाइल से वीडियो बना लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शावक कुछ देर तक फसल में इधर-उधर घूमते रहे और बाद में पड़ोसी के खेत की ओर बढ़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के चार-पांच ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी शावकों को फसल में घूमते हुए देखा।
वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम करने वाले किसानों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने की बात कही है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें और किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
