युवाओं को सड़क पर डांस करना पड़ा भारी, पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा
सीकर। शहर के पिपराली रोड स्थित एक गली में युवाओं को सड़क पर डांस करना महंगा पड़ गया। जानकारी के अनुसार कई युवक सड़क के बीचों-बीच डांस कर रहे थे, जिससे वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक संत कुमार ने लाठी लेकर युवकों को वहां से खदेड़ा और रास्ता खाली करवाया।
इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जरूरी है, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
