शराब के विवाद ने ली जान: लाठी-कुल्हाड़ी से हमला, जयपुर में इलाज के दौरान युवक की मौत

शराब के नशे में विवाद बना जानलेवा: सुलताना अहिरान में मारपीट, जयपुर में इलाज के दौरान युवक की मौत

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं जिले के सुलताना अहिरान गांव में शराब के नशे में गाली-गलौज के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा बन गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

सिंघाना थाना अधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि सुलताना अहिरान निवासी किरण देवी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसके जेठ के लड़के जॉनी, मनीष, दीपक और अभिषेक ने मिलकर उसके पति छोटूराम मेघवाल (38) और बेटे राहुल पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत बुहाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से छोटूराम की हालत गंभीर होने पर पहले झुंझुनूं और फिर जयपुर रेफर किया गया। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार रात छोटूराम मेघवाल की मौत हो गई।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।