Jhunjhunu News | Latest Jhunjhunu News | Latest Jhunjhunu Update | Jhunjhunu News Today गुड़ा पौंख में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार | Jhunjhunu की ताज़ा खबरे हिन्दी में | ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज़ in Hindi
झुंझुनूं | गुढ़ागौड़जी के गुड़ा पौंख गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का गुढ़ागौड़जी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपी प्रीतम पुत्र चौथमल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था और पहचान उजागर होने के डर से बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी।
लूट के दौरान पकड़े जाने पर की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गांव में अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला सीता देवी को निशाना बनाया। वारदात के दौरान जब आरोपी महिला के घर में लूटपाट कर रहा था, तभी बुजुर्ग महिला ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस पर आरोपी घबरा गया और अपनी पहचान उजागर होने के डर से महिला पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
संघर्ष में आरोपी को भी आई चोट
हत्या के दौरान आरोपी और बुजुर्ग महिला के बीच जबरदस्त संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में आरोपी को भी चोटें आईं। पुलिस जांच में यह तथ्य अहम कड़ी साबित हुआ, जिससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली।
डॉग स्क्वॉयड ने आरोपी तक पहुंचाई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल से पदचिन्हों को सूंघते हुए सीधे आरोपी के घर तक पहुंचकर पुलिस को अहम सुराग दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
विदेश जाने की चाहत बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह लूट के पैसों से विदेश जाने की योजना बना रहा था। इसी लालच में उसने बुजुर्ग महिला के घर चोरी करने की साजिश रची। हालांकि महिला द्वारा विरोध किए जाने पर उसने हत्या जैसा घिनौना कदम उठा लिया।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी अन्य वारदात में तो शामिल नहीं रहा।
गांव में दहशत खत्म, पुलिस की कार्रवाई से राहत
इस हत्याकांड के खुलासे के बाद गांव में फैली दहशत कम हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता, डॉग स्क्वॉयड और जांच टीम की कार्रवाई की सराहना की है।
