National Scout Guide Jamboree राजस्थान फिर बना सिरमौर: जंबूरी के सभी अवॉर्ड राजस्थान के नाम
भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी में इस बार राजस्थान ने इतिहास रच दिया।
दिनांक 23 से 29 नवंबर 2025 तक अटल स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित इस भव्य आयोजन में राजस्थान ने न केवल शानदार भागीदारी दर्ज करवाई, बल्कि सभी प्रमुख अवॉर्ड जीतकर ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया।
स्काउट गाइड में जंबूरी
• स्काउट–गाइड की दुनिया में “जंबूरी” विशेष रूप से वह बड़ा राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय शिविर/सम्मेलन होता है, जिसमें अलग–अलग देशों या राज्यों के हज़ारों स्काउट–गाइड कई दिन तक साथ रहकर गतिविधियाँ करते हैं।
• जैसे “विश्व स्काउट जंबूरी” या “राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी” में कैंपिंग, एडवेंचर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्च-पास्ट, खेल, आदि अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं।
35000 से अधिक स्काउट्स-गाइड्स की भव्य जंबूरी
जंबूरी में देशभर के विभिन्न राज्यों से 35,000 से अधिक स्काउट्स, गाइड्स, स्काउटर्स व गाइडर्स ने भाग लिया।
राजस्थान से 1703 प्रतिभागियों का दल शामिल हुआ, जिसने हर प्रतियोगिता में अपनी दक्षता का दमखम दिखाया।
कई प्रतियोगिताएं, हर जगह राजस्थान टॉपर
जंबूरी के दौरान कैंप क्राफ्ट, बी.पी. सिक्स, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, फूड प्लाज़ा, प्रदर्शनी, रंगोली, लोक नृत्य, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, फैशन शो, स्किलोरामा, अनुमान लगाना, टेंट पिचिंग, फर्स्ट एड, कैंप फायर सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
इन सभी प्रतियोगिताओं में राजस्थान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए —
स्काउट विंग में प्रथम स्थान
गाइड विंग में प्रथम स्थान
ओवरऑल प्रथम स्थान
प्राप्त कर चीफ नेशनल कमिश्नर फ्लैग व शील्ड पर कब्जा जमाया।
साथ ही हर प्रतियोगिता में राजस्थान को A ग्रेड प्राप्त हुआ, जो स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है।
सम्मान समारोह में राजस्थान का जलवा
पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश स्काउट गाइड के प्रादेशिक अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र सिंह, तथा प्रादेशिक कमिश्नर प्रभात कुमार ने राजस्थान के प्रतिनिधियों – राज्य सचिव डॉ. पी.सी. जैन,
राज्य संगठन आयुक्त पूरन सिंह शेखावत,
राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्नालाल,
राज्य संगठन गाइड सुयश लोढ़ा
को सम्मानित किया।
झुंझुनूं जिले का शानदार योगदान
सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि झुंझुनूं जिले से 55 सदस्यीय दल ने जंबूरी में भाग लेकर राजस्थान को प्रथम स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
