Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून ने पूरी तरह से सक्रियता दिखाई है. मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
भारी बारिश के अलर्ट के चलते आज प्रदेश के 5 जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। जोधपुर, झुंझुनूं, टोंक, अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ में आज सरकारी और गैर सरकारी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र में छुट्टी घोषित की गई है।
राजस्थान में मानसून पूर्ण रूप से सक्रिय हो चुका है, और लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. इसके बावजूद, मानसून के थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. मौसम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ जिलों, जिनमें अलवर, भरतपुर, दौसा, जयपुर, झुंझुनू, सीकर, करौली और जालौर शामिल हैं, के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही, मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
रविवार को जमकर बरसे बदरा
रविवार 31 अगस्त को राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश झालावाड़ जिले के रायपुर में 140 एमएम दर्ज की गई। दूसरे स्थान पर जालोर रहा जहां 126 एमएम बारिश हुई। उधर करौली जिले के टोडाभीम में भी 101 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। सीकर जिले के पाटन में 95 एमएम, अलवर जिले के थानागाजी में 85 एमएम, करौली शहर में 72 एमएम, बीकानेर जिले के लूणकरणसर में 65 एमएम, जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ में 63 एमएम, दौसा जिले के सिकराय में 55 एमएम, कोटा के रामगंजमंडी में 55 एमएम, झुंझुनूं जिले के पिलानी में 49 एमएम, झालावाड़ शहर में 48 एमएम, खाजूवाला में 45 एमएम, चूरू जिले के सुजानगढ़ में 45 एमएम, फलोदी के पास आऊ में 45 एमएम, जयपुर जिले के फुलेरा में 42 एमएम, दौसा जिले के बांदीकुई में 41 एमएम, बांसवाड़ा जिले के शेरगढ़ में 41 एमएम, प्रतापगढ़ के अरनोद में 40 एमएम, बारां जिले के छीपाबड़ौद में 35 एमएम, बूंदी जिले के केशोरायपाटन में 28 एमएम, चूरू जिले के सरदारशहर में 27 एमएम, जयपुर जिले के दूदू में 26 एमएम, बागीदौरा में 25 एमएम और हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में 24 एमएम बारिश हुई।
भारी बारिश की संभावना के चलते सोमवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित
झुंझुनूं: प्री-प्राइमरी से 12वीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों का समस्त स्टाफ नियमानुसार उपस्थित रहकर कार्य संपादित करेंगे, कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश किया जारी
सीकर जिले में बारिश के कारण स्कूलो के अवकाश हेतु संस्था प्रधानों को अधिकृत – आदेश जारी
मौसम विभाग राजस्थान सरकार द्वारा दिनांक 01.09.2025 को सीकर जिले में येलो अलर्ट एवं रुक रुक के हो रही बारिश के मध्यनजर रखते हुए उक्त दिवस को मौसम विभाग की चेतावनी को मध्यनजर रखते हुए संचालित समस्त सरकारी एंव गैर सरकारी विद्यालयो के संस्था प्रधानों को निर्देशित किया जाता है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से समन्वय करते हुए आवश्यक लगे तो उक्त दिवस का अवकाश करने के लिये अधिकृत किया जाता है।
