स्टेट हाइवे पर भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और कार की टक्कर में 6 लोग गंभीर घायल
झुंझुनूं : गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में रविवार को स्टेट हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टिटनवाड बस स्टैंड के पास राजस्थान रोडवेज की बस और एक अल्टो कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार सभी 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी तेज कि कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
CHC में प्राथमिक उपचार, सभी घायल रैफर
सूचना मिलने पर गुढ़ागौड़जी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुढ़ागौड़जी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रैफर कर दिया गया।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के कारण स्टेट हाइवे पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैफिक को सुचारू करवाया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
