
सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी इलाके में रविवार दोपहर एक कचरा पात्र के पास पॉलीथिन में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रामगढ़ शेखावाटी थानाधिकारी उमाशंकर ने बताया कि रविवार दोपहर जीडी स्कूल के पास नगर पालिका के कचरा पात्र से कुछ दूरी पर पेड़ों के बीच एक पॉलीथिन में नवजात का शव मिला। कचरा पात्र के पास से गुजर रहे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी संजय ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कचरा पात्र के पास एक पॉलीथिन में से एक नवजात का मुंह निकला दिखाई दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। डॉक्टर ने बताया कि नवजात बच्ची का जन्म कुछ घंटों पहले ही हुआ था। पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।