RSMSSB Recruitment 2025: राजस्थान के बेरोजगारों के लिए भजनलाल सरकार बहुत अच्छी खबर देने जा रही है। तोहफे के तहत घोषणा हुई है कि आगामी जनवरी 2025 से मार्च 2026 तक राजस्थान में 60 हजार से अधिक सरकारी नौकरी दी जाएगी। परीक्षा का कलेण्डर 15 अक्टूबर तक घोषित कर दिया जाएगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार दशहरे के दिन सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले बेरोजगारों के लिए एक बड़ा तोहफा है।
सीएम के आदेश के बाद वार्षिक कैलेंडर हुआ तैयार
सीएम भजनलाल शर्मा ने भर्ती परीक्षाओं के आयोजन को समय सीमा में पूरा करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा था- रिजल्ट जल्द जारी किया जाए, जिससे युवाओं को रोजगार का लंबा इंतजार न करना पड़े। कई बार भर्ती अटकने के कारण परिणाम नहीं आता है और युवाओं को सालों तक इंतजार करना पड़ता है। लेकिन कैलेंडर जारी होने से तय समय सीमा में भर्ती पूरी होगी।
बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि बोर्ड की ओर से समयबद्ध तरीके पर भर्ती परीक्षा के साथ रिजल्ट जारी करने का कैलेंडर तैयार कर लिया गया है। संबंधित भर्ती परीक्षा कब होगी, प्रैक्टिकल, टाइपिंग टेस्ट की तारीख पहले ही बता दी जाएगी।
ऐसा हुआ तो वाकई में क्रांतिकारी व पारदर्शिता वाला कदम
राजस्थान की प्रतियोगी परीक्षाओं के इतिहास में यह शायद पहली बार ऐसा होने जा रहा है। जिसमें परीक्षा तिथि व परिणाम तिथि परीक्षा के आवेदन भरने के साथ-साथ ही बता दी जाएगी। यदि ऐसा होता है कि यह राजस्थान की प्रतियोगी परीक्षाओं में एक क्रांतिकारी व पारदर्शिता वाला बड़ा कदम होगा।
पहले काफी इंतजार करना पड़ता था
आलोक राज ने कहा- राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं के आयोजन के बाद ही स्टूडेंट्स को रिजल्ट के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था। ऐसे में हमने एक प्रारूप तैयार किया है। इसके तहत भविष्य में कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित किसी भी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट अधिकतम 3 से 5 महीने में जारी कर दिया जाएगा। इसी वजह से हमने भर्ती परीक्षा की तारीख के साथ ही कैलेंडर में भर्ती परीक्षा का रिजल्ट कब जारी होगा, इसकी भी जानकारी देने का फैसला किया है।
