स्टेट हाईवे पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर, 9 घायल, थार चालक फरार

स्टेट हाईवे पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर, 9 घायल, थार चालक फरार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now


स्कॉर्पियो चालक का आरोप– थार ने जानबूझकर पीछा कर मारी टक्कर, चालक फरार


झुंझुनूं। खेतड़ी के गोठड़ा गांव के पास शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे पर तीन गाड़ियों की आपस में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।


पीछा कर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप


दयाल का नांगल निवासी अमित कुमार यादव ने बताया कि वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से सिंघाना से अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिंघाना क्षेत्र से ही एक थार गाड़ी उसका पीछा कर रही थी। गोठड़ा गांव के पास थार चालक ने तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसकी स्कॉर्पियो को ओवरटेक किया और आगे से जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया।

अनियंत्रित स्कॉर्पियो सामने से आ रही कार से टकराई


थार की टक्कर से स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही एक अन्य कार से जा भिड़ी। इस कार में सवार लोग बबाई से झरझर बारात में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में बारात में शामिल महिलाएं और अन्य लोग घायल हो गए।

बारात में मचा कोहराम


बबाई निवासी तेजस पुत्र भानाराम सैनी ने बताया कि उनकी बारात झरझर जा रही थी। आगे चल रही कार में महिलाएं सवार थीं। अचानक स्कॉर्पियो और कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।

पुलिस और प्रशासन मौके पर


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल पर खेतड़ी उपखंड अधिकारी सुनील कुमार भी पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।


फरार थार चालक की तलाश जारी


पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार थार चालक की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।