पहाड़ी पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मृतक की पहचान में जुटी पुलिस

Jhunjhunu News खेतड़ी के नालपुर से गोरीर जाने वाले रोड पर स्थित पहाड़ी पर बने कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है।

अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

सीआई विनोद सांखला ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे के आसपास नालपुर का मवेशी चराने वाला व्यक्ति यहां से गुजर रहा था। इस दौरान उसे पहाड़ों से बने कमरे से बदबू आई। जिस पर उसने कमरे में जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना उसने गांव वालों को दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीआई विनोद सांखला जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

सीआई ने बताया कि पहाडी पर मिला शव लगभग 3-4 दिन पुराना प्रतीत होता है। शव को खेतड़ी के राजकीय अजीत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस फिलाहल मृतक की पहचान करने में जुटी हैं।