जोहड़ में प्लास्टिक कट्टे में तैरता मिला अज्ञात महिला का शव, क्षेत्र में सनसनी

जोहड़ में प्लास्टिक कट्टे में तैरता मिला अज्ञात महिला का शव, क्षेत्र में सनसनी

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

राजलदेसर | क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब राजलदेसर के जोरावरपुरा फांटे के पास थामड़ा जोहड़ में एक महिला का शव प्लास्टिक कट्टे में बंधी हुई हालत में तैरता हुआ मिला। शव को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डीएसपी इनसार खान और राजलदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।



10 दिन पुराना बताया जा रहा शव

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान अभी तक संभव नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कर शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर जोहड़ में फेंका गया है। मौके पर शव लगभग 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा था।



शव मिलने से फैली दहशत

ग्रामीणों ने बताया कि कट्टे में कुछ तैरता दिखा तो उन्हें संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर कट्टे के अंदर महिला का शव दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।



FSL टीम को सूचना, जांच जारी

राजलदेसर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया है। forensic टीम कट्टे, कपड़ों और अन्य आसपास के साक्ष्यों की जांच करेगी, ताकि हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।



पहचान के प्रयास जारी

पुलिस ने आसपास के सभी थानों में अज्ञात महिला की गुमशुदगी के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मृतका की पहचान होने पर ही हत्या के कारणों और संभावित आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है।