20 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी
झुंझुनूं। जिले के सदर थाना क्षेत्र के भूरासर गांव में रविवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव जोहड़ के पास जाल के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार से लापता था युवक
मृतक की पहचान 20 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई सुनील ने बताया कि राजकुमार शनिवार को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मां और भाई को मिला शव
रविवार सुबह करीब 6 बजे राजकुमार की मां और भाई सुनील उसे तलाशते हुए गांव के जोहड़ की ओर पहुंचे। वहां जोहड़ के पास एक जाल के पेड़ पर राजकुमार का शव फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मजदूरी करता था राजकुमार
परिजनों के अनुसार राजकुमार मजदूरी का काम करता था और स्वभाव से शांत था। परिवार ने बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी, जिससे घर के लोग भी चिंतित रहते थे। राजकुमार पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता महेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस कर रही है जांच
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीके अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
