चलती ट्रेन से 3 करोड़ का गोल्ड चोरी कांड का खुलासा: नवलगढ़ की जोहड़ी से 2 करोड़ के जेवर बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

चलती ट्रेन से 3 करोड़ का गोल्ड चोरी कांड का खुलासा: नवलगढ़ की जोहड़ी से 2 करोड़ के जेवर बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। हरियाणा के जींद में चलती ट्रेन से करीब 3 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी की गुत्थी को सुलझाने में झुंझुनूं पुलिस और हरियाणा पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषणों को छिपाने का स्थान बताया, जिसके बाद पुलिस उन्हें नवलगढ़ की एक जोहड़ी में लेकर पहुंची।
जोहड़ी में जमीन के अंदर गाड़कर छिपाए गए थे जेवर

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जोहड़ी में जमीन की खुदाई करवाई। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर गाड़कर रखे गए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी जेवरों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी

यह वारदात गत 10 जून को घटित हुई थी। करौली जिले के बड़ागांव निवासी नरेंद्र सिंह गुर्जर भटिंडा की एक प्राइवेट लॉजिस्टिक फर्म में सोने के गहनों की डिलीवरी का काम करता है। वह दिल्ली से करीब तीन करोड़ रुपए मूल्य के सोने के गहनों से भरा बैग लेकर दिल्ली-भटिंडा ट्रेन से रवाना हुआ था।

सफर के दौरान जब ट्रेन हरियाणा के जाखल स्टेशन पर रुकी तो नरेंद्र पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से घात लगाए बैठे अज्ञात चोरों ने उसकी सीट पर रखा गहनों से भरा बैग पार कर दिया। वापस लौटने पर जब बैग गायब मिला। इस संबंध में जीआरपी थाना जींद (हरियाणा) में चोरी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष एसआईटी का गठन किया गया था।

इस बड़ी वारदात को अंजाम देने और माल को ठिकाने लगाने के आरोप में पुलिस ने झुंझुनूं जिले के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान ऋषभ एवं गोविंद निवासी डेरावाली ढाणी नवलगढ़ और बबलू निवासी नवलड़ी थाना नवलगढ़ के रूप में हुई।

संयुक्त कार्रवाई से मिली बड़ी सफलता

मामले की जांच में झुंझुनूं पुलिस और हरियाणा पुलिस की एसआईटी लगातार तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों पर काम कर रही थी। इसी दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर नवलगढ़ में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूरे चोरी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस का मानना है कि इस वारदात में अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी के पूरे नेटवर्क, चोरी किए गए शेष आभूषणों और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। बरामद किए गए आभूषणों का सत्यापन कराया जा रहा है और चोरी की पूरी साजिश की जांच जारी है।