Jhunjhunu News गांव के चौक में खड़ी गाड़ी में मिला युवक का शव, हत्या का अंदेशा, पुलिस जांच में जुटी
मलसीसर। झुंझुनूं जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के चुड़ैला गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के चौक में खड़ी एक काले रंग की गाड़ी से युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मृतक की पहचान गांव निवासी चंदन (24) पुत्र सतीश मेघवाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है।
एक दिन पहले ही चेन्नई से गांव लौटा था युवक
जानकारी के अनुसार चंदन पिछले करीब दो वर्षों से चेन्नई में रहकर स्टील विंडो बनाने का काम करता था। वह मंगलवार को ही अपने गांव चुड़ैला वापस लौटा था। लेकिन गांव लौटने के महज एक दिन बाद ही उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में गाड़ी में मिलने से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं।
परिजनों ने जताया हत्या का शक
मृतक के परिजनों का आरोप है कि चंदन की हत्या करने के बाद उसके शव को गाड़ी में छिपाया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है और न ही यह खुलासा किया है कि जिस गाड़ी में शव मिला वह किसकी थी।
परिजनों के अनुसार आसपास के लोगों ने शाम को उन्हें घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिवार का इकलौता कमाने वाला था चंदन
बताया जा रहा है कि चंदन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
धनूरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। एचसी महेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस हत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
