संसद सत्र पर कोरोना का असर:18 दिन का मानसून सत्र आज 10वें दिन ही खत्म किया जा सकता है; लोकसभा की कार्यवाही आज 3 घंटे की देरी से यानी शाम 6 बजे शुरू होगी
विपक्ष के 8 सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों ने मंगलवार को दोनों सदनों से बायकॉट कर दिया था।
- 2 मंत्रियों समेत 30 सांसदों को कोरोना होने की वजह से सभी पार्टियां सत्र छोटा करने को राजी
- विपक्ष के बायकॉट के बीच मंगलवार को तीसरे कृषि विधेयक समेत 7 बिल बिना विरोध पास हुए
संसद का मानसून सत्र आज खत्म किया जा सकता है। संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा है कि सरकार ने संसद की कार्यवाही आज स्थगित करने की सिफारिश की है। लेकिन, इससे पहले लोकसभा में कुछ अहम मुद्दे निपटाने होंगे।
2 मंत्रियों समेत 30 सांसदों और संसद के कई कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव आने की चिंताओं की वजह से सरकार 18 दिन का सत्र 10 दिन में ही खत्म करना चाहती है। पिछले हफ्ते लोकसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सभी पार्टियों ने सत्र छोटा करने पर सहमति जताई थी। 14 सितंबर से शुरू हुए मानसून सत्र का शेड्यूल वैसे 1 अक्टूबर तक है।