चिड़ावा में रिटायर्ड फौजी के घर से हथियार बंद पांच लुटेरों ने गन पॉइंट पर की 35 लाख की लूट।
झुंझुनूं न्यूज : झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में गुरुवार देर रात रिटायर्ड फौजी के घर हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोल दिया। आरके मार्बल के पास गली में रिटायर्ड फौजी महेंद्र मेघवाल (45) का घर है। लुटेरे घर में घुसे और गन पॉइंट पर जेवर नकदी समेत 35 लाख की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। जाने से पहले फौजी को रस्सियों से बांध दिया। घटना देर रात करीब 1.45 बजे की बताई जा रही है। उस समय महेंद्र घर में अकेले थे।
चिड़ावा सीआई इंद्र प्रकाश ने बताया कि महेंद्र मेघवाल का मकान सूरजगढ़ रोड पर चिड़ावा बाइपास रोड से 50 मीटर अंदर है। पीड़ित का कहना है कि वह गुरुवार की रात मकान में अकेला था। रात 1.30 से 1.45 के बीच गैलरी के जाली के गेट को तोड़कर 5 बदमाश घर में घुस आए। सभी की उम्र 25 से 35 साल के बीच थी।
पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने कहा कि रात को करीब पौने 2 बजे का टाइम था। 5 बदमाश घर में घुस आए। मैं जाली का गेट लगाकर सोया था। 3 बदमाशों ने दबोच लिया। 2 कमरे में घुस गए। काला कपड़ा मेरे मुंह पर बांध दिया। उनमें से 2 के हाथ में पिस्टल थी। एक ने मेरी कनपटी पर पिस्टल लगा दी। इसके बाद 20-25 मिनट में ही सारा सामान निकाल लिया। दोनों बहुओं और पत्नी के जेवर थे। फौजी ने कहा कि सोने के चूड़ा, चेन, मंगलसूत्र, रखड़ी अंगूठियां, चांदी के गहने, पाजेब, करीब 15 हजार कैश सब ले गए।
पीड़ित फौजी महेंद्र मेघवाल ने बताया कि वे 2004 में हवलदार के पद से रिटायर हुए थे। लास्ट पोस्टिंग तेजपुर आसाम में थी। 5 साल से वे चिड़ावा के इस मकान में रह रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक महेंद्र ने खुद को रस्सी से आजाद कराया। फिर पड़ोसी राजेश कुमार डेला को लूट की वारदात की जानकारी दी। फिर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश शर्मा, सीआई इंद्र प्रकाश यादव सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही मोबाइल टीम व स्क्वायड डॉग टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले। एक सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध युवक बाइकों पर नजर आ रहे हैं। संदिग्धों की बाइक की लाइट पहले जली हुई दिख रही है, फिर 2 बजे के करीब बाइकों की लाइट बंद है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।