Silver 6.4 करोड़ की चोरी की चांदी बरामद, चेन्नई से गायब खेप के साथ 3 गिरफ्तार

झुंझुनूं में 6.4 करोड़ की चोरी की चांदी बरामद, चेन्नई से गायब खेप के साथ 3 गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एजीटीएफ झुंझुनूं और पिलानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब ₹6.4 करोड़ की चोरी की चांदी बरामद की गई है और तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। यह चांदी चेन्नई से चोरी हुई बताई जा रही है, जिसे पिलानी कस्बे में छिपाया गया था।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी विकास धींधवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में एजीटीएफ टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:

विकास जांगीड़ पुत्र स्वरूप (33)

निखिल जांगीड़ पुत्र विजय (24), निवासी केहरपुरा खुर्द थाना बगड़

राजबीर जांगीड़ पुत्र रतनलाल (31), निवासी बड़ी थीरपाली थाना हमीरवास, जिला चुरू

पुलिस ने इनके पास से लगभग 365 किलो 715 ग्राम चांदी बरामद की, जिसमें चांदी के बर्तन, ईंटें और सजावटी सामान शामिल है।

चेन्नई से 3 अक्टूबर की रात कंटेनर में माल भरकर भागे

तीनों चेन्नई में चांदी गलाने की फैक्ट्री चलाते थे। स्थानीय व्यापारी उनको चांदी गलाने के लिए देते थे। इसी को लेकर भाग आए आरोपी विकास जांगिड़ के भाई विजय जांगिड़ ने चेत्रई में चांदी गलाकर बर्तन इत्यादि बनाने का कारखाना कर रखा था। इसमें वहां के सर्राफा कारोबारी उनसे चांदी गलवाकर सिल्ली, ईंट व बर्तन और जेवरात तैयार कराते थे। इस काम के लिए कई कारीगर रखे हुए थे। पिछले साल विजय जांगिड़ का निधन हो गया। तब से यह कारोबार विकास संभाल रहा था। उसके साथ उसका भतीजा निखिल जांगिड़ व साला राजबीर जांगिड़ भी काम करते थे।

इन दिनों चांदी के लगातार भाव बढ़ने पर विकास के मन में खोट आ गया। उसके पास सर्राफा कारोबारियों की करीब साढ़े तीन क्विंटल से अधिक चांदी रखी हुई थी। 2 अक्टूबर को उसने कारखाना बंद किया और पूरी चांदी घरेलू सामान कंटेनर में भरकर 3 अक्टूबर की रात को चेन्नई से भाग आए। 8 को पिलानी पहुंच गए।

तकनीकी और सीसीटीवी की मदद

चेन्नई पुलिस से इनपुट मिलने के बाद एजीटीएफ टीम ने संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक करने के लिए जयपुर से पिलानी तक के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी आसूचना के जरिए टीम को राजगढ़ रोड स्थित एक कॉलोनी में धर्मपाल जांगीड़ के मकान की सटीक लोकेशन का पता लगा। दबिश के दौरान मकान के अंदर छिपाई गई चांदी की पूरी खेप बरामद कर ली गई।

आगे की कार्रवाई

तीनों आरोपियों को फिलहाल शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है ताकि उन्हें हिरासत में रखा जा सके। अब झुंझुनूं पुलिस चेन्नई पुलिस के आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।