Operation Sindoor ऑपरेशन सिंदूर के हीरो की 28 मई को शादी है, कार्ड में छपवाई अनूठी बात, लोगों का जीता दिल
जयपुर: सीकर के धोद क्षेत्र के किसान जगदीश सिंह शेखावत के तीनों बेटे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाक सीमा पर तैनात थे। एक फौजी अमित सिंह की 28 मई को शादी है। इसको लेकर फौजी भाई ने शादी के कार्ड छपवाए।

कार्ड में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर अपनी भावनाओं को उकेरा गया है।
शांति सेना में भी सेवाएं दे चुके फौजी भाई:
किसान जगदीश सिंह शेखावत के चार बेटे हैं भंवर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अमित सिंह और अभय प्रताप सिंह। सबसे बड़े भंवर सिंह शेखावत एक मोटिवेशनल स्पीकर हैं जबकि उनके तीनों छोटे भाई आर्मी में है। धर्मेंद्र सिंह 10 साल से, अमित सिंह 6 साल से और अभय प्रताप सिंह 4 साल से भारतीय सेना का हिस्सा हैं।
धर्मेंद्र सिंह और अमित सिंह शांति सेना में शामिल होकर सीरिया और इजरायल के बीच स्थित लेबनान में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब अभय प्रताप सिंह भी शांति सेना में जाने की तैयारी कर रहे हैं। तीनों भाई 18 कैवेलरी आर्म्ड फोर्स का हिस्सा हैं। उनकी बहन संगीता शेखावत भी राजस्थान पुलिस में सेवाएं दे रही है।
शादी कार्ड में ऑपरेशन सिंदूर को विशेष तवज्जो
तीनों फौजी भाई पिछले कुछ समय से पाकिस्तान से सटी राजस्थान की सीमा पर ड्यूटी कर रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जब पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमले करके नापाक हरकतें की गई। तब तीनो भाई देश के नागरिकों की रक्षा में तैनात रहे। फौजी अमित सिंह की 28 मई को शादी है।
ऐसे में मंगलवार 20 मई को वे 15 दिन की छुट्टी पर आए हैं। अमित की शादी के कार्ड में भी ऑपरेशन सिंदूर को विशेष तवज्जो दी गई है। वैवाहिक कार्यक्रम से पहले शादी के कार्ड में ‘प्राउड ऑफ इंडियन आर्मी’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लिखा है। शादी का कार्ड भी राजस्थान भाषा में प्रकाशित कराया गया है जो अपने आप में अनूठी पहल है।
