वायरल होने की चाह में शर्मनाक हरकत: बेटी ने पिता को बोरे में भर कूरियर करने की कोशिश, पुलिस ने बचाया
प्रैंक बताकर किया बचाव, सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट पर उठे सवाल
बेंगलुरु। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में लोगों की संवेदनाएं लगातार कम होती नजर आ रही हैं। शहर के व्यालिकावल इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवती ने अपने ही पिता को बोरे में बंद कर कूरियर ऑफिस पहुंचकर उन्हें पार्सल के रूप में भेजने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, युवती बोरे में बंद व्यक्ति को लेकर कूरियर ऑफिस पहुंची और स्टाफ से उसे किसी अन्य स्थान पर भेजने की बात कही। बोरे की स्थिति और हरकत देखकर कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो अंदर से एक जिंदा व्यक्ति निकला, जो युवती का पिता निकला। प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने इसे “प्रैंक” बताया। हालांकि, इस दौरान व्यक्ति की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
समाज के लिए चिंता का विषय:
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने की अंधी दौड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लाइक्स और व्यूज के लिए लोग अब रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं की भी अनदेखी कर रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
