SP Office एसपी ऑफिस से 19 वर्षीय युवती का दिनदहाड़े अपहरण, सुरक्षा मांगने पहुंची थी प्रेमी जोड़ी
चूरू : पुलिस अधीक्षक कार्यालय उस समय हंगामे का केंद्र बन गया, जब एक 19 वर्षीय युवती को कुछ लोग कथित रूप से परिवादी कक्ष से जबरन अपने साथ ले गए। युवती अपने प्रेमी के साथ प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची थी। घटना के बाद पूरे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोग हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार तारानगर क्षेत्र के झाड़सर गंजिया गांव निवासी युवती अपने साथी कृष्ण कुमार के साथ पुलिस सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। दोनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसके बाद उन्हें एसपी चैंबर के पीछे बने स्वागत कक्ष में बैठने के लिए कहा गया, जहां अन्य परिवादी भी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान कुछ लोग कार्यालय के पीछे वाले गेट से अंदर पहुंचे और युवक-युवती के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। आरोप है कि लोगों ने युवती को जबरन बाहर खड़ी गाड़ी में बैठाया और मौके से लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में हलचल मच गई। युवक कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि उसे भी साथ ले जाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह किसी तरह बच गया।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि एसपी कार्यालय परिसर से युवती को ले जाना बेहद चिंताजनक है। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका और संभावित लापरवाही की जांच करवाई जाएगी। साथ ही दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
देर शाम तक नहीं लगा सुराग : युवती के अपहरण के बाद जिला पुलिस बैकफुट पर है। घटना के बाद पुलिस ने एसपी ऑफिस और आस-पास के सीसीटीवी खंगाले। जिले में नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन देर शाम तक युवती और आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
फिलहाल पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और कार्यालय परिसर की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
