नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या एपीओ, एक्सईएन रविंद्र मीणा को चार्ज; 28 महीने में 3 कमिश्नर एपीओ

नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या एपीओ, एक्सईएन रविंद्र मीणा को मिला अतिरिक्त चार्ज; ढाई साल में तीन आयुक्त हुए एपीओ

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। नगर परिषद झुंझुनूं में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। स्वायत्त शासन विभाग (डीएलबी) ने नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या को एपीओ (Awaiting Posting Orders) कर दिया है। विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार बोचल्या को जयपुर स्थित मुख्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके स्थान पर नगर परिषद के एक्सईएन रविंद्र कुमार मीणा को आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

देवीलाल बोचल्या का कार्यकाल नगर परिषद में करीब 194 दिन का रहा। इसके साथ ही डीएलबी ने नगर परिषद के जेईएन सिविल अजय कुमार को भी एपीओ कर दिया है। विभाग के इस फैसले के बाद नगर परिषद में प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

पिछले 28 महीनों में चार आयुक्त, तीन हुए एपीओ


नगर परिषद झुंझुनूं में पिछले करीब ढाई साल के दौरान आयुक्तों के लगातार बदलाव देखने को मिले हैं। इस अवधि में कुल चार आयुक्त नियुक्त किए गए, जिनमें से तीन अधिकारियों को एपीओ किया जा चुका है।
भाजपा सरकार बनने के बाद फरवरी 2024 में अनिता खीचड़ को नगर परिषद आयुक्त बनाया गया था। करीब आठ महीने के कार्यकाल के बाद उन्हें अक्टूबर 2024 में एपीओ कर दिया गया।

इसके बाद मुकेश कुमार को आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन उनका कार्यकाल महज तीन महीने ही चला और जनवरी 2025 में उनका तबादला कर दिया गया।

मुकेश कुमार के बाद दिलीप पूनिया को नगर परिषद आयुक्त बनाया गया। करीब 10 महीने तक पद पर रहने के बाद उन्हें नवंबर 2025 में एपीओ कर दिया गया।

इसके बाद 28 नवंबर 2025 को देवीलाल बोचल्या ने आयुक्त पद का कार्यभार संभाला। अब लगभग 193-194 दिन के कार्यकाल के बाद उन्हें भी एपीओ कर दिया गया है।

लगातार बदलावों से प्रभावित हो सकते हैं विकास कार्य


नगर परिषद में आयुक्तों के लगातार बदलाव को लेकर शहर में चर्चाएं हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के बार-बार बदलने से विकास योजनाओं और लंबित परियोजनाओं की गति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विभाग की ओर से एपीओ किए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी एक्सईएन रविंद्र कुमार मीणा को सौंपी गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग स्थायी आयुक्त की नियुक्ति कब करता है।

Jhunjhunu Nagar Parishad, Devilal Bochlya APO, Jhunjhunu Commissioner Transfer, Rajasthan Local Self Government Department, Jhunjhunu News, Nagar Parishad Jhunjhunu