Kot Dam Shakmbhri कोट बांध में डूबने से युवक की मौत, वॉच टावर के पास लगाई छलांग
उदयपुरवाटी के कोट बांध में रविवार को एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे एक मोटरसाइकिल सवार कोट बांध पहुंचा। इसके बाद वह वन विभाग के वॉच टावर की ओर गया और अचानक कोट बांध में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने तैराक रतनलाल गुर्जर को दी। सूचना मिलते ही रतनलाल गुर्जर तुरंत मौके पर पहुंचे और अन्य लोगों की मदद से व्यक्ति को बांध से बाहर निकाला। इसके बाद तैराक द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की जेब में मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों से संपर्क किया। वीडियो कॉल के माध्यम से मृतक की पहचान अजाड़ी कला निवासी राजेश महला के रूप में हुई। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
