झुंझुनूं में हथियार की नोंक पर हुई डकैती का खुलासा, यूपी के अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

झुंझुनूं में हथियार की नोंक पर हुई डकैती का खुलासा, यूपी के अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। शहर के पीपली चौक क्षेत्र में हथियारों की नोक पर हुई सनसनीखेज डकैती का झुंझुनूं पुलिस ने खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के अंतरराज्यीय गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्कॉर्पियो गाड़ियां भी जब्त की हैं। मामले में लूटा गया सामान बरामद करने और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने यह बड़ी सफलता हासिल की।

21 जून की रात हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 की रात को मलसीसर रोड स्थित गाय वाली मूर्ति की गली में एक मकान में 4-5 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस गए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज तथा सीसीटीवी डीवीआर लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और टोल डाटा खंगाला
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और टोल प्लाजा के डाटा का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई दो संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ियों की पहचान की गई।
पुलिस ने इन वाहनों का रूट झुंझुनूं से राजगढ़, भादरा, हिसार, सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ तक ट्रेस किया। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और आसूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी लगातार निगरानी की गई।

यूपी और दिल्ली-एनसीआर में दी गई दबिश
पुलिस टीमों ने हिसार, चूरू, सीकर, हनुमानगढ़, जयपुर, नोएडा, बागपत, मुजफ्फरनगर और दिल्ली-एनसीआर सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी।
पहले चरण में उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ क्षेत्र से राशिद, सतार और सरफराज उर्फ भुटन को वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो के साथ दस्तयाब किया गया। पूछताछ में तीनों ने अन्य साथियों के नाम बताए।
इसके बाद दूसरी विशेष टीम ने दिल्ली-अलवर एक्सप्रेस-वे पर सुनियोजित नाकाबंदी कर मुख्य आरोपी राजीव उर्फ राजू खटा, जाहिद उर्फ लंबू और आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं—
राशिद कुरैशी (31), निवासी हर्रा, जिला मेरठ।
सतार (36), निवासी बरनावा, जिला बागपत।
सरफराज उर्फ भुटन (32), निवासी हर्रा, जिला मेरठ।
जाहिद उर्फ लंबू (47), निवासी निरपुड़ा, जिला बागपत।
राजीव उर्फ राजू खटा (38), निवासी खटा प्रहलादपुर, जिला बागपत।
आरिफ (22), निवासी मस्जिदपुरा, जिला हापुड़।

पुलिस का कहना
झुंझुनूं पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए इस सनसनीखेज डकैती का सफल खुलासा किया गया है। फिलहाल लूटा गया माल बरामद करने और गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।