24 लाख की नकदी से भरी PNB कैश वैन मुकुंदगढ़ बाईपास पर पलटी
झुंझुनूं। मुकुंदगढ़ बाईपास पर गुरुवार को 24 लाख रुपये की नकदी से भरी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की इंटर ब्रांच कैश वैन हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, चलती गाड़ी का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और करीब चार पलटियां खा गया।
हादसे के समय कैश वैन में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में चारों घायल हो गए, जिनमें वाहन चालक को सबसे अधिक चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कैश वैन में करीब 24 लाख रुपये की नकदी मौजूद थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ASI सुनील कुमार पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा टायर फटने के कारण हुआ।
फिलहाल पुलिस कैश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
